गायबुडा में अवैध महुआ शराब का बड़ा खेल बेनकाब, 160 लीटर शराब जब्त-

जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र की पण्ड्रापाठ पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गायबुडा स्कूलपारा में एक युवक के घर से 160 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब बिक्री की रकम 900 रुपये नकद भी जब्त की। मामले में आरोपी मोहन रवि (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सावन पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए पुलिस टीम ग्राम गायबुडा कैलाशगुफा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गायबुडा स्कूलपारा निवासी मोहन रवि अपने घर में हाथ भट्ठी से तैयार कच्ची महुआ शराब बनाकर बेचता है और लोगों को बैठाकर शराब पिलाता है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग जरीकेनों में कुल 160 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 900 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए।







