CHHATTISGARH

कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता को उतारा मौत के घाट, शव बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी

धौरपुर सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दोनों शवों को बोरियों में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी में जुटा था। इसी दौरान मृतक दंपति का दूसरा बेटा घर पहुंच गया। भाई को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान हीराधार यादव और गुलाबी यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पहले अपने माता-पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शवों को बोरियों में पैक किया और उन्हें कहीं ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था।

इसी दौरान दंपति का दूसरा बेटा वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसे देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद दूसरे बेटे ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस की टीम सपड़ा गांव पहुंची। पुलिस ने मौके से दोनों शवों को बरामद कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद पूरे सपड़ा गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।

पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

bulandmedia

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button