छत्तीसगढ़

पांचवीं के छात्र की बांस के डंडे से पिटाई का आरोप, प्रधान पाठक पर लगे गंभीर आरोप

बलरामपुर। जिले के शिक्षा विभाग में एक बार फिर छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। विकासखंड राजपुर के प्राथमिक शाला बालक आश्रम जगड़ी में कक्षा पांचवीं के एक पहाड़ी कोरवा छात्र के साथ प्रधान पाठक द्वारा कथित रूप से बांस के डंडे से पिटाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर प्रधान पाठक बिपता राम रवि छात्र से नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने बांस के डंडे से छात्र की पिटाई कर दी। घटना के समय छात्र का बड़ा भाई भी स्कूल परिसर में मौजूद था।

बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद छात्र स्कूल से निकलकर उस घर पहुंचा, जहां से वह प्रतिदिन स्कूल आने-जाने के दौरान रुकता था। वहां मौजूद लोगों को छात्र ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे का उपचार कराया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।

सर्व आदिवासी समाज ने की जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर छात्र से मिलने पहुंचे। उन्होंने स्कूल जाकर भी मामले की जानकारी ली। समाज की ओर से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

बसंत कुजूर ने इस मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से भी चर्चा की और छात्र की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यदि किसी की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के आचरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

bulandmedia

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button